अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म \'ईथा\' की रिलीज तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं। रिलीज डेट सामने आने के बाद से ही श्रद्धा के प्रशंसकों के बीच उत्साह का माहौल है। अभिनेत्री को आखिरी बार सुपरहिट हॉरर-कॉमेडी \'स्त्री 2\' में देखा गया था, जिसके बाद दर्शक उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार, \'ईथा\' 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं को उम्मीद है कि त्योहार के दौरान फिल्म को पारिवारिक दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलेगा। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा और माेहम्मद जीशान अयूब भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। लक्ष्मण उतेकर इससे पहले विक्की कौशल अभिनीत सफल फिल्म \'छावा\' का निर्देशन कर चुके हैं।
\'ईथा\' महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित एक बायोपिक है। फिल्म उनके संघर्ष, कला और लोक संस्कृति में दिए गए योगदान को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। श्रद्धा कपूर इस चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आएंगी, जिसे लेकर दर्शकों और फिल्म उद्योग में पहले से ही काफी चर्चा है। मैडॉक फिल्म्स की यह महत्वाकांक्षी परियोजना इस साल की चर्चित फिल्मों में शामिल मानी जा रही है।