बलरामपुर, 12 सितंबर गणेश चतुर्थी को लेकर रामानुजगंज थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। 14 सितंबर को होने वाले गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन और पुलिस ने दोनों समुदायों के लोगों के साथ चर्चा की। आज शनिवार को हुई बैठक में विसर्जन मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान पालन किए जाने वाले नियमों की जानकारी दी गई।
बैठक में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित रूट मैप को लेकर जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन के दौरान डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बुजुर्गों और बच्चों पर तेज आवाज के संभावित प्रभाव को देखते हुए डीजे की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में फूहड़ता पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन ने आयोजन समितियों से कार्यक्रमों के दौरान मर्यादा बनाए रखने और आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
रामानुजगंज में गणेश प्रतिमाओं का नगर भ्रमण के बाद कन्हर नदी में विसर्जन किया जाता है। मंदिर घाट के पास प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। नदी में सुरक्षा के लिए गोताखोरों की टीम और पुलिस बल भी तैनात रहेगा। प्रशासन ने रात 9 बजे के बाद गणेश प्रतिमा विसर्जन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही नदी में पूजा सामग्री विसर्जित करना भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में एसडीएम आनंदराम नेताम ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट या ऐसी किसी सामग्री को साझा नहीं करने की हिदायत दी। आपत्तिजनक पोस्ट करने या प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रामानुजगंज के झारखंड सीमा से लगे होने के कारण सीमा क्षेत्र से आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर भी विशेष नजर रखने की बात कही गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसडीएम आनंदराम नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा, जनपद पंचायत सीईओ रणवीर साय, एसडीओपी बाजीलाल सिंह, नगरपालिका सीएमओ सुधीर कुमार, अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरदचंद्र गुप्ता, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सकिंदर गुप्ता सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।