IMG-LOGO

एशियाई पैरा खेल: कपिल ने तैराकी में जीता रजत, प्रमोद भगत बैडमिंटन के फाइनल में पहुंचे

IMG
Posted on: 2026-10-22
एशियाई पैरा खेल: कपिल ने तैराकी में जीता रजत, प्रमोद भगत बैडमिंटन के फाइनल में पहुंचे

आइची-नागोया, 22 अक्टूबर   एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। तैराक कपिल कुमार ने पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस-10 स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत ने पुरुष एकल एसएल-3 के फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में उनका सामना हमवतन और पेरिस पैरालंपिक चैंपियन नितेश कुमार से होगा। इस तरह इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी भारत के खाते में आना तय है।

कपिल कुमार ने 4 मिनट 38.44 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। जापान के अकितो मिनाई ने 4 मिनट 27.44 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ईरान के शाहिन इजादियार ने 4 मिनट 38.65 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

वहीं, बैडमिंटन के पुरुष एकल एसएल-3 वर्ग के सेमीफाइनल में प्रमोद भगत ने दक्षिण कोरिया के ली सेउंघू को 16-21, 21-18, 21-17 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। निर्णायक गेम में प्रमोद एक समय 0-7 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। अब फाइनल में उनका सामना भारत के ही नितेश कुमार से होगा।

Tags: