कोरबा छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, उनकी आकांक्षाओं को समझने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन कोरबा द्वारा आज पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, खेल एवं व्यक्तित्व निर्माण के अवसरों का लाभ उठाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्राध्यापकों तथा स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और लाइवलीहुड से जुड़े छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, गोपाल मोदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने अपने संबोधन में युवाओं से सकारात्मक सोच, विवेक और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा किसी भी भ्रामक सूचना या बहकावे में आए बिना देश एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा चुनावी खर्च कम करने तथा बार-बार लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता के कारण विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को कम करने में सहायक हो सकती है। चुनावी प्रक्रिया में प्रशासनिक अमले और सरकारी संसाधनों के लंबे समय तक व्यस्त रहने से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की गति प्रभावित होती है। संसाधनों का बेहतर उपयोग कर विकास की प्रक्रिया को गति देना और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना आवश्यक है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक परिवार को आवास, शौचालय, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाते हुए अपनी क्षमता का विकास करना चाहिए और मेहनत के बल पर अपने लक्ष्य हासिल करने चाहिए।