दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार सुबह लोगों को जहां हल्की ठंड का एहसास हुआ, वहीं रविवार तड़के हुई हल्की बारिश ने प्रदूषण के स्तर पर भी सकारात्मक असर डाला है। सोमवार सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वेदर रिपोर्ट के अनुसार, 26 अक्टूबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। 27 अक्टूबर को तापमान 31 से 16 डिग्री के बीच रहेगा और आसमान साफ रहेगा। 28 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। हालांकि, 29 और 30 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान तापमान 31 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के आसपास रहेगा। 31 अक्टूबर को फिर से आसमान आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा और तापमान 31 से 18 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड लोगों को सुकून दे रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर 29-30 अक्टूबर को फिर से बारिश होती है, तो प्रदूषण के स्तर में और अधिक गिरावट आ सकती है, जिससे दिवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर के लोगों को साफ हवा का तोहफा मिल सकता है।