IMG-LOGO

पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे पर रवाना, नवाचार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

IMG
Posted on: 2026-06-13
पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे पर रवाना, नवाचार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा पर रवाना हुए। इस दौरान उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा, जिसमें द्विपक्षीय वार्ताएं, बहुपक्षीय बैठकें और आर्थिक व सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।

‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “अगले कुछ दिनों में मैं फ्रांस और स्लोवाकिया में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लूंगा। इनमें द्विपक्षीय बातचीत, बहुपक्षीय बैठकें और भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद शामिल है। मेरा ध्यान आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर रहेगा।” उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा की शुरुआत फ्रांस के नीस शहर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से होगी। विशेष रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में वह शामिल होंगे, जहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी मौजूद रहेंगे। भारत और फ्रांस इस वर्ष ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष’ मना रहे हैं और यह कार्यक्रम नवाचार, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाएगा।

इमैनुएल मैक्रों के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता

नीस में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होगी। दोनों नेता भारत-फ्रांस विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे, जिसमें भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स और वेंचर कैपिटल फंड्स भाग लेंगे। मंत्रालय ने कहा कि ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष’ के तहत आयोजित यह पहल दोनों देशों के बीच नवाचार सहयोग को नई गति देने का काम करेगी।

स्लोवाकिया की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा

फ्रांस में कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14 से 16 जून तक स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा करेंगे। यह यात्रा स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर हो रही है। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल विनिर्माण और रेलवे अवसंरचना क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा होने की संभावना है।

जी7 शिखर सम्मेलन और विवटेक में भी लेंगे हिस्सा

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में स्लोवाकिया के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 16 और 17 जून को फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दोबारा फ्रांस लौटेंगे। इस दौरान वह जी7 देशों, आमंत्रित साझेदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। 18 जून को प्रधानमंत्री पेरिस जाएंगे, जहां वह अतिरिक्त द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेने के साथ-साथ यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप कार्यक्रम ‘विवटेक’ शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे। पेरिस यात्रा के दौरान उनके भारतीय समुदाय को संबोधित करने की भी संभावना है।

Tags: