IMG-LOGO

जगदलपुर में जलकर बकायेदारों पर सख्ती, 214 नल कनेक्शन काटे, कुर्की की चेतावनी

IMG
Posted on: 2026-07-18
जगदलपुर में जलकर बकायेदारों पर सख्ती, 214 नल कनेक्शन काटे, कुर्की की चेतावनी

जगदलपुर । नगर निगम ने जलकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने स्पष्ट किया है कि समय पर जलकर जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटे जाएंगे। इसके साथ ही निगम अधिनियम के तहत कुर्की और अन्य वैधानिक वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर निगम के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा पिछले तीन महीनों से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जलकर के रूप में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की वसूली की गई है। अभियान के तहत अब तक 214 बकायेदार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटे जा चुके हैं, जबकि 138 अवैध नल कनेक्शन भी हटाए गए हैं।

इसके अलावा 25 बकायेदारों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि लगातार चेतावनी के बावजूद भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने बताया कि बकाया जलकर जमा नहीं करने पर नल कनेक्शन काटने के साथ ही संबंधित उपभोक्ताओं की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। ऐसे मामलों में उपभोक्ताओं को बकाया राशि के अलावा कार्रवाई का खर्च और अन्य कानूनी शुल्क भी वहन करना होगा।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर जलकर का भुगतान कर अनावश्यक कार्रवाई से बचें और शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

Tags: