IMG-LOGO

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 297 जीवित कारतूसों वाला नक्सल डंप बरामद

IMG
Posted on: 2026-07-28
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 297 जीवित कारतूसों वाला नक्सल डंप बरामद

नारायणपुर, 28 जुलाई छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में ओरछा थाना क्षेत्र के घने जंगल से जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है। बरामद नक्सलियाें के डंप से कुल 297 जीवित कारतूस जब्त किए गए हैं, जिन्हें नक्सलियों ने जंगल में छिपाकर रखा था।

नारायणपुर एसपी संदीप कुमार पटेल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि, नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में लगातार कॉम्बिंग और सर्च अभियान चला रही हैं। इन अभियानों का उद्देश्य जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य नक्सल सामग्री को बरामद कर नक्सलियों के संसाधनों को समाप्त करना है।

नारायणपुर पुलिस के अनुसार, जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बल लगातार सघन सर्च अभियन चला रहे हैं। इसी कड़ी में आज मंगलवार काे नारायणपुर जिला पुलिस बल की डीआरजी टीम और आईटीबीपी की 53वीं वाहिनी ने थाना ओरछा क्षेत्र के कैंप आदींगपार के पास कसोड़-कुमेरादी के जंगलों में संयुक्त अभियान चलाया। इस सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने जंगल में छिपाकर रखे गये एक नक्सली डंप खोज निकाला। डंप की तलाशी लेने पर वहां से 7.62 मिमी के 195 जीवित राउंड और 5.56 मिमी के 102 जीवित राउंड बरामद हुए, कुल 297 जीवित कारतूस बरामद किया गया।

नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को जंगल या आसपास के क्षेत्रों में कोई संदिग्ध वस्तु, हथियार, गोला-बारूद या नक्सलियों द्वारा छिपाई गई सामग्री दिखाई देती है, तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या सुरक्षा बलों को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Tags: