IMG-LOGO

गिरावट के साथ खुले बाजार, आईटी शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 500 अंक टूटा

IMG
Posted on: 2026-06-19
गिरावट के साथ खुले बाजार, आईटी शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 500 अंक टूटा

घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को हालिया तेजी के बाद गिरावट के साथ खुले। वैश्विक सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता एक्सेंचर (Accenture) द्वारा अपने ग्रोथ गाइडेंस में कटौती किए जाने के बाद आईटी सेक्टर में बिकवाली बढ़ी, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।

सेंसेक्स 0.71 प्रतिशत यानी 500 अंकों से अधिक की गिरावट के साथ 76,852.86 पर खुला, जबकि निफ्टी 0.73 प्रतिशत यानी 150 अंकों से ज्यादा टूटकर 23,991.20 पर कारोबार की शुरुआत करता दिखा।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी आईटी में करीब 6 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम इंडेक्स 2 प्रतिशत से ज्यादा टूट गया।

इसके अलावा रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फाइनेंशियल सर्विसेज, मेटल, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टरों में भी कमजोरी देखी गई।

वहीं दूसरी ओर, डिफेंसिव सेक्टरों में खरीदारी का रुख रहा। निफ्टी फार्मा 0.47 प्रतिशत चढ़ा, जबकि हेल्थकेयर और मिडस्मॉल हेल्थकेयर इंडेक्स क्रमशः 0.40 प्रतिशत और 0.38 प्रतिशत ऊपर रहे।

आईटी शेयरों में यह बड़ी गिरावट एक्सेंचर द्वारा अपने आउटलुक में कटौती के बाद आई, जिससे भारतीय आईटी कंपनियों की विकास संभावनाओं को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ गई।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की शॉर्ट कवरिंग के कारण बैंकिंग शेयरों में रिकवरी आई है और आगे भी इनमें तेजी की संभावना बनी हुई है, हालांकि बीच-बीच में मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है।

हालांकि एक्सेंचर की गाइडेंस कटौती का असर भारतीय आईटी शेयरों पर दबाव बनाए रख सकता है, लेकिन आकर्षक वैल्यूएशन के चलते निचले स्तरों पर खरीदारी भी आ सकती है।

इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम शांति समझौता होने के बाद हॉर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है।

वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 78.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) करीब 1 प्रतिशत गिरकर 75.78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

वैश्विक बाजारों से मिले संकेत मिले-जुले रहे। अधिकांश एशियाई बाजारों में गिरावट देखी गई। हांगकांग का हैंग सेंग करीब 1 प्रतिशत नीचे रहा, जबकि जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग सपाट कारोबार करते दिखे।

उधर, अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट गुरुवार रात बढ़त के साथ बंद हुआ, जहां नैस्डैक करीब 2 प्रतिशत और एसएंडपी 500 लगभग 1 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुए।

Tags: